home page

ग्वालपाड़ा में बिजली गिरने से किशोर की मौत, असम के कई हिस्सों में तूफान का कहर

 | 
ग्वालपाड़ा में बिजली गिरने से किशोर की मौत, असम के कई हिस्सों में तूफान का कहर


ग्वालपाड़ा (असम), 11 नवंबर (हि.स.)। असम के ग्वालपाड़ा जिले में आज सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। इस बीच, राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं से जनजीवन प्रभावित हुआ।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तूफान के दौरान जिले के कुमोरी इलाके में अताबुल इस्लाम (19) नामक किशोर पर बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। बताया गया है कि वह अपनी नाव के ऊपरी हिस्से पर बैठकर मछली पकड़ रहा था।

उधर, राज्य के विभिन्न हिस्सों में अचानक मौसम खराब होने से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश हुई। कई स्थानों पर तूफानी हवाओं के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की खबरें हैं।

खराब मौसम के चलते पेड़ों, मकानों और बिजली के बुनियादी ढांचे को संभावित नुकसान की आशंका जताई गई है। हालांकि, तूफान से हुए नुकसान और अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश