दुलियाजान में उत्तेजित भीड़ ने तेंदुए को मार डाला
डिब्रूगढ़ (असम), 04 मार्च (हि.स.)। वन विभाग की कथित निष्क्रियता के चलते दुलियाजान में आज उत्तेजित भीड़ ने एक तेंदुए को मार डाला। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से तेंदुओं की आवाजाही से लोगों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ था।
जानकारी के अनुसार, दुलियाजान के मधुटिंग, बरकोला और टिपलिंग सहित कई इलाकों में पिछले काफी समय से तेंदुओं का मुक्त विचरण जारी था, जिससे स्थानीय निवासियों के बीच भय और असुरक्षा की भावना बढ़ गई थी। लोगों का कहना है कि इस संबंध में वन विभाग को कई बार शिकायत दी गई थी।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बार-बार अनुरोध के बावजूद तेंदुए को पिंजरे में बंद करने या पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे नाराज होकर आज एक समूह ने तेंदुए को घेरकर पिटाई की, जिसके परिणामस्वरूप उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष और वन विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले की विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

