home page

असम के दूसरे सैनिक स्कूल की मुख्यमंत्री ने रखी आधारशिला, कार्बी आंगलोंग के लांगवोकू में 336 करोड़ रुपये से होगा निर्माण

 | 
असम के दूसरे सैनिक स्कूल की मुख्यमंत्री ने रखी आधारशिला, कार्बी आंगलोंग के लांगवोकू में 336 करोड़ रुपये से होगा निर्माण


गुवाहाटी, 17 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार को कार्बी आंगलोंग जिले के लांगवोकू में राज्य के दूसरे सैनिक स्कूल की आधारशिला रखी। कार्बी आंगलोंग जिले की स्थापना के प्लेटिनम जुबली समारोह के तहत इस परियोजना का शिलान्यास किया गया। लगभग 336 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह सैनिक स्कूल क्षेत्र में शिक्षा और सैन्य प्रशिक्षण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा।

रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की वित्तीय सहायता से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) इस स्कूल का निर्माण करेगा। केंद्र सरकार, असम सरकार और कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद (केएएसी) के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत इस संस्थान की स्थापना की जा रही है। इसके बुनियादी ढांचे के रखरखाव और संचालन की जिम्मेदारी राज्य सरकार तथा परिषद निभाएगी।

करीब 44,000 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस परिसर में कुल 28 अत्याधुनिक भवन होंगे। निर्माण कार्य अगले 30 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। स्कूल में 640 कैडेटों की क्षमता वाला प्रशासनिक एवं शैक्षणिक भवन, पुस्तकालय तथा 1,200 लोगों की क्षमता वाला सभागार बनाया जाएगा। इसके अलावा 240 विद्यार्थियों की क्षमता वाला प्राथमिक विद्यालय भी परिसर में होगा। छात्र-छात्राओं के लिए कुल 600 सीटों वाले छात्रावास के साथ शिक्षकों और कर्मचारियों के आवास, अतिथि गृह, अस्पताल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा कैडेटों के लिए आधुनिक मेस की व्यवस्था की जाएगी।

विद्यार्थियों के शारीरिक विकास और सैन्य प्रशिक्षण को ध्यान में रखते हुए परिसर में अत्याधुनिक स्विमिंग पूल, हॉकी स्टेडियम, फुटबॉल एवं क्रिकेट मैदान, बास्केटबॉल और टेनिस कोर्ट, इंडोर स्टेडियम, घुड़सवारी की सुविधा, शूटिंग रेंज तथा बाधा प्रशिक्षण मैदान विकसित किए जाएंगे। विद्यार्थियों को सैन्य सेवाओं के प्रति प्रेरित करने के लिए भारतीय वायुसेना का एक विमान, भारतीय नौसेना का युद्धपोत और भारतीय सेना का एक टैंक भी परिसर में प्रदर्शित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि कार्बी आंगलोंग और दीमा हसाओ के जनजातीय समुदायों में अदम्य साहस और वीरता की परंपरा रही है, लेकिन भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारी स्तर पर इन क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने विश्वास जताया कि ग्वालपाड़ा के मोरनोई स्थित सैनिक स्कूल के बाद लांगवोकू में स्थापित होने वाला यह दूसरा सैनिक स्कूल देश की रक्षा सेना में भविष्य में योगदान देने वाली एक सशक्त नई पीढ़ी तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि जिले में मेडिकल कॉलेज और कैंसर अस्पताल की स्थापना के बाद सैनिक स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा।

लांगवोकू की प्राकृतिक सुंदरता और झरनों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिक स्कूल परियोजना से यह क्षेत्र पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित होगा। इससे स्थानीय लोगों को होमस्टे और पर्यटन से जुड़ी अन्य सुविधाओं के माध्यम से रोजगार तथा आर्थिक लाभ प्राप्त हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के अगले चुनाव से पहले जिले में राज्य विश्वविद्यालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय और कृषि महाविद्यालय स्थापित करने के लिए राज्य सरकार तेजी से कदम उठाएगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को चौबीसों घंटे काम कर निर्धारित समय सीमा के भीतर सैनिक स्कूल का निर्माण पूरा करने का निर्देश दिया।

इस महत्वाकांक्षी परियोजना में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति असम की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में असम विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. हबे टेरोन, कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलिराम रोंगहांग, परिषद के अध्यक्ष राजू तिस्सो, उपाध्यक्ष अभिजीत क्रो, सांसद अमरसिंह तिस्सो, विधायक सूर्य रोंगफार और लुनसिंग टेरोन सहित परिषद के कार्यकारी सदस्य, अन्य जनप्रतिनिधि तथा वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश