गुवाहाटी के जोराबाट में भूस्खलन, पेट्रोल पंप और दो वाहन क्षतिग्रस्त
रि- भोई (मेघालय), 02 अक्टूबर (हि.स.)। रि- भोई जिले के खानापारा थाना क्षेत्र इलाके में शुक्रवार तड़के हुए भूस्खलन से यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, मेघालय (यूएसटीएम) के पास स्थित एक पेट्रोल पंप और दो वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। क्षतिग्रस्त वाहनों में एक बस भी शामिल है।
यह घटना तड़के करीब तीन बजे 10 माइल इलाके में हुई, जब पेट्रोल पंप के पीछे पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक ढह गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में लाल मिट्टी और मलबा नीचे आ गिरा, जिससे पेट्रोल पंप का एक हिस्सा दब गया और वहां खड़े दो वाहनों को नुकसान पहुंचा।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। भूस्खलन के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, प्रारंभिक भूस्खलन के बाद भी पहाड़ से मिट्टी और मलबा नीचे खिसकता रहा।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के लिए पहाड़ पर बड़े पैमाने पर की गई मिट्टी की कटाई से ढलान कमजोर हुआ हो सकता है, जिसके कारण भूस्खलन हुआ। उन्होंने पेट्रोल पंप और आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
प्रशासन की ओर से घटना के कारणों और हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

