home page

भारी मात्रा में मूल्यवान लाल चंदन की लकड़ी जब्त, दो हिरासत में

 | 
भारी मात्रा में मूल्यवान लाल चंदन की लकड़ी जब्त, दो हिरासत में


कोकराझार (असम), 26 सितम्बर (हि.स.)। कोकराझार जिलांतर्गत गोसाईगांव के श्रीरामपुर में पुलिस ने भारी मात्रा में मूल्यवान लाल चंदन की लकड़ी जब्त की है। साथ ही दो आरोपितों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने एक कंटेनर से आटे की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई लाल चंदन की लकड़ियां बरामद कीं।

जानकारी के अनुसार, आरजे-14जीक्यू-2418 नंबर वाले कंटेनर ट्रक में आटा लादकर उसके नीचे बड़ी मात्रा में लाल चंदन की लकड़ी को कथित रूप से गुप्त तरीके से छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार, लकड़ी को बेहद गोपनीय तरीके से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, लाल चंदन की लकड़ी को बेंगलुरु से गुवाहाटी ले जाने की योजना थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान राजस्थान निवासी शोकिन खान और हरियाणा निवासी शाकिल खान के रूप में हुई है।

दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है।पुलिस ने जब्त लाल चंदन की लकड़ी की कुल मात्रा और अनुमानित बाजार मूल्य के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था तथा इस तस्करी में और कितने लोग शामिल हैं। इस मामले में आगे की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा