असम भाजपा ने मनाया लाचित दिवस, असमिया पहचान और विरासत की रक्षा का लिया संकल्प
गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को महान वीर लाचित बरफुकन की 404वीं जयंती लाचित दिवस के रूप में गौरव और श्रद्धा के साथ मनाया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने महान अहोम सेनापति के अद्वितीय शौर्य, देशभक्ति और सैन्य नेतृत्व को याद करते हुए असमिया जातीय पहचान, सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा का संकल्प दोहराया।
प्रदेश भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद दिलीप सैकिया ने कहा कि लाचित दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्मरण और आत्मचिंतन का भी दिन है। यह प्रत्येक असमिया को अपनी जातीय पहचान, सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की सामूहिक जिम्मेदारी का एहसास कराता है।
उन्होंने कहा कि लाचित बरफूकन ने अपने असाधारण साहस और रणनीतिक कौशल से मुगल सेना को पराजित किया था। ऐतिहासिक सराईघाट युद्ध में उनके नेतृत्व ने साहस, सैन्य कुशलता और मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण की अमिट मिसाल कायम की। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि अहोम साम्राज्य ने लगभग 17 बार मुगल आक्रमणों को विफल किया था।
भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता मीता नाथ बोरा ने कहा कि पार्टी वर्षों से लाचित बरफूकन के आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विभिन्न पहल करती रही है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने भी उनके गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित करने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं।
मीता नाथ बोरा ने कहा कि लाचित बरफुकन की विरासत केवल स्मरणोत्सव तक सीमित नहीं है, बल्कि वह साहस, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और मातृभूमि के प्रति समर्पण का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि असमिया पहचान, सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा करना प्रत्येक पीढ़ी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित भव्य लाचित दिवस समारोह का उल्लेख किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण शामिल हुए थे। इस आयोजन से महान अहोम सेनापति की वीरता और असम के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिली।
उन्होंने असम सरकार के सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से नई दिल्ली में आयोजित विशेष प्रदर्शनी का भी उल्लेख किया, जिसमें लाचित बरफुकन से जुड़ी दुर्लभ स्मृतियों और ऐतिहासिक सामग्रियों को प्रदर्शित किया गया था। इसके अलावा निबंध प्रतियोगिताओं, परिचर्चाओं, टॉक शो और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को उनके आदर्शों से परिचित कराने के प्रयास किए गए।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल प्रणव कुमार भराली और ब्रिगेडियर पलाश चौधरी को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल भराली ने भाजपा की ओर से सम्मानित किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने लाचित बरफुकन की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज और ब्रिटिश एडमिरल होरेशियो नेल्सन जैसे महान सैन्य व्यक्तित्वों से करते हुए कहा कि लाचित को उनके ऐतिहासिक सैन्य योगदान के अनुरूप व्यापक पहचान मिलनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि केंद्र और असम में भाजपा सरकारों के प्रयासों से हाल के वर्षों में लाचित की विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर उचित सम्मान मिला है।
मीता नाथ बोरा ने लाचित बरफुकन की स्मृति से जुड़े संस्थानों और स्थलों का भी उल्लेख किया। इनमें लाचित पुलिस अकादमी, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी की ओर से प्रदान किया जाने वाला लाचित बरफुकन पुरस्कार, जोरहाट के होलोंगापार में स्थापित उनकी विशाल प्रतिमा और गुवाहाटी का लाचित घाट प्रमुख हैं।
इस अवसर पर दिलीप सैकिया ने लाचित बरफुकन के प्रसिद्ध कथन देश से बड़ा मामा नहीं होता का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत संबंधों से ऊपर राष्ट्रहित और कर्तव्य को रखा था। उनका जीवन इस बात का उदाहरण है कि मातृभूमि के प्रति कर्तव्य सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम, व्यक्ति अंतिम का सिद्धांत भी इसी भावना को प्रतिबिंबित करता है।
कार्यक्रम में सांसद जोगेन मोहन, गुवाहाटी नगर निगम के महापौर मृगेन शरणिया, प्रदेश भाजपा महासचिव एवं विधायक दिप्लुरंजन शर्मा सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष मनोज बरुआ ने कार्यक्रम का संचालन किया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

