कुशल दुवरी का नामांकन वैध घोषित
गुवाहाटी, 25 मार्च (हि.स.)। शिवसागर के भाजपा उम्मीदवार कुशल दुवरी का नामांकन पत्र आखिरकार वैध घोषित कर दिया गया है, जिससे उनकी उम्मीदवारी को लेकर जारी अनिश्चितता समाप्त हो गई है।
राइजर दल के अध्यक्ष अखिल गोगोई ने दुवरी के नामांकन को चुनौती देते हुए चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के बाद यह अटकलें तेज हो गई थीं कि उनका नामांकन स्वीकार किया जाएगा या नहीं।
काफी समय तक चुनाव आयोग की वेबसाइट पर केवल आवेदन की स्थिति ही दिखाई दे रही थी, जिससे भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। हालांकि, बीती देर रात आयोग की वेबसाइट पर जानकारी अपडेट करते हुए दुवरी का नामांकन वैध और स्वीकृत बताया गया है।
वहीं, ढेकियाजुली सीट से भाजपा और कांग्रेस उम्मीदवारों के नामांकन को लेकर अब तक कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, जिससे उस क्षेत्र में स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

