7 मार्च तक पैदल मार्ग रहेगा कुमार भास्कर वर्मा सेतु
गुवाहाटी, 28 फरवरी (हि.स.)। बढ़ती पैदल आवाजाही और लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए गुवाहाटी सिटी पुलिस, कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन, कामरूप जिला प्रशासन तथा कामरूप पुलिस ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया है कि गुवाहाटी और नॉर्थ गुवाहाटी को जोड़ने वाले नव निर्मित कुमार भास्कर वर्मा सेतु को 1 मार्च से 7 मार्च तक पैदल क्षेत्र (पैदल जोन) के रूप में ही जारी रखा जाएगा।
आज जारी बयान के अनुसार, सेतु पर पिछले दिनों बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही देखी गई है। जनसुरक्षा तथा पैदल यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
प्रशासन ने बताया कि 8 मार्च 2026 से दोपहिया, तिपहिया, हल्के मोटर वाहन (एलएमवी), एसयूवी आदि वाहनों के लिए सेतु को पुनः खोल दिया जाएगा। हालांकि, दोनों ओर बढ़ती भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए बसों और ट्रकों के आवागमन पर अगले आदेश तक रोक जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

