मणिपुर के कांगपोकपी में कुकी नागरिक की गोली मारकर हत्या, निष्पक्ष जांच की मांग
इंफाल, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर के कांगपोकपी जिले में मंगलवार सुबह जंगली बांस की कोंपलें इकट्ठा करने गए 44 वर्षीय कुकी नागरिक की कथित तौर पर हथियारबंद लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद स्थानीय संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और क्षेत्र में नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
मृतक की पहचान पी. मुओलडिंग गांव निवासी पाओलेनमंग थांगेओ के रूप में हुई है। पी. मुओलडिंग ग्राम प्राधिकरण और पी. मुओलडिंग यूथ क्लब की ओर से जारी बयानों के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब सात बजे हुई। थांगेओ और मोलहोई गांव निवासी लालडेंगा आजीविका के लिए जंगली बांस की कोंपलें इकट्ठा करने जंगल गए थे।
ग्राम प्राधिकरण ने आरोप लगाया कि हमलावर एनएससीएन-आईएम और जेडयूएफ (के) से जुड़े तांगखुल/लियांगमेई काचा नागा उग्रवादी थे। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
गोली लगने से थांगेओ की मौत हो गई, जबकि उनका साथी कथित तौर पर बच निकलने में सफल रहा। मृतक अपने पीछे पत्नी खोलनेइचोंग थांगेओ और तीन बच्चों को छोड़ गए हैं।
इस घटना ने लीमाखोंग क्षेत्र में आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्राम प्राधिकरण ने खुनखो कुकी गांव के हेमजांग हाओकिप के हाल में अपहरण और हत्या की घटना का भी उल्लेख किया और इसे कुकी-जो समुदाय के नागरिकों के खिलाफ हिंसा की एक अन्य घटना बताया।
ग्राम प्राधिकरण ने हत्या की निंदा करते हुए कहा कि लगातार हो रही हिंसक घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है। जंगल से मिलने वाले उत्पादों पर निर्भर लोगों के लिए ऐसी परिस्थितियों में आजीविका चलाना मुश्किल हो रहा है।
संगठन ने केंद्र और मणिपुर सरकार के साथ संबंधित सुरक्षा एजेंसियों से तत्काल निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों की पहचान करने और उन्हें कानून के तहत सजा दिलाने की मांग की। उसने लीमाखोंग और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी अपील की।
पी. मुओलडिंग यूथ क्लब ने भी हत्या की निंदा करते हुए इसे जीवन, सुरक्षा और मानवीय गरिमा के अधिकारों का उल्लंघन बताया। संगठन ने दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने और सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने तथा हिंसा और धमकी से दूर रहने की अपील की।
दोनों संगठनों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि आम नागरिकों को बिना किसी भय के अपनी आजीविका चलाने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने क्षेत्र में आगे किसी भी तरह की हिंसा और जनहानि रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

