home page

कोकराझार में कमतापुर स्टेट डिमांड काउंसिल की 15 नवंबर को जनसभा

 | 

-अलग कमतापुर राज्य के पुनर्गठन सहित उठेंगी कई मांगें

कोकराझार (असम), 06 नवम्बर (हि.स.)। अलग कमतापुर राज्य के पुनर्गठन, कोच-राजबंशी समुदाय को अनुसूचित जनजाति (एसटी) का दर्जा प्रदान करने तथा कोच-राजबंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने सहित विभिन्न मांगों के समर्थन में आगामी 15 नवंबर को कोकराझार में कमतापुर स्टेट डिमांड काउंसिल (केएसडीसी) की ओर से एक जनसभा आयोजित की जाएगी। इस जनसभा में एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस संबंध में कोकराझार शहर के डिमलगांव स्थित चिलाराय भवन में आज कमतापुर स्टेट डिमांड काउंसिल तथा कोच-राजबंशी समुदाय के विभिन्न राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अलग कमतापुर राज्य के पुनर्गठन, कोच-राजबंशी समुदाय को जनजाति का दर्जा देने, कोच-राजबंशी भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने, केएलओ प्रमुख जीवन सिंह से संबंधित शांति समझौते की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा उनकी शीघ्र रिहाई सहित विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित कोच-राजबंशी राष्ट्रीय संगठनों के नेताओं ने 15 नवंबर को कोकराझार में प्रस्तावित विशाल जनसभा के आयोजन का समर्थन करते हुए समुदाय के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार इन मांगों पर शीघ्र ठोस एवं प्रभावी कदम नहीं उठाती है, तो आने वाले दिनों में और अधिक व्यापक एवं कड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

बैठक में आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र के दौरान ही कोच-राजबंशी भाषा को संवैधानिक मान्यता प्रदान करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही केएलओ प्रमुख जीवन सिंह को पिछले चार वर्षों से अज्ञात स्थान पर रखे जाने के आरोपों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई। नेताओं ने इस स्थिति की कड़ी निंदा करते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की।

बैठक में केएसडीसी के सचिव लक्षींद्र राय, केएलओ के उप सेनाध्यक्ष धनंजय बर्मन, अखिल कोच-राजबंशी सम्मेलन के कार्यकारी अध्यक्ष रघुरंजन बेपारी, आक्रासू के केंद्रीय सचिव सोनाधर राय, अविभाजित गोवालपाड़ा जिला आक्रासू के अध्यक्ष जुगल राय तथा बीटीसी कोच-राजबंशी सम्मेलन के कार्यकारी अध्यक्ष अपूर्व बर्मन सहित विभिन्न संगठनों के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा