कृष्णगुरु सेवाश्रम की स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं
गुवाहाटी, 24 नवंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कृष्णगुरु सेवाश्रम के स्थापना दिवस के अवसर पर सेवाश्रम से जुड़े श्रद्धालुओं एवं भक्तों को शुभकामनाएं दी हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा एक संदेश में कहा कि आध्यात्मिकता के प्रकाशमय संदेश, मानवता के महान आदर्शों और निःस्वार्थ सेवा की पवित्र भावना के माध्यम से कृष्णगुरु सेवाश्रम ने विश्व शांति, सामाजिक सद्भाव और समन्वय का एक अनूठा वातावरण विकसित किया है।
उन्होंने कहा कि मानव सेवा को परम धर्म मानकर यह पवित्र संस्थान अनगिनत लोगों के जीवन में आध्यात्मिक प्रकाश पहुंचाने के साथ-साथ प्रेम, भाईचारे और परोपकार के महान आदर्शों से समाज को प्रेरित करता आ रहा है।
मुख्यमंत्री ने कृष्णगुरु सेवाश्रम के स्थापना दिवस पर इससे जुड़े सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि सेवाश्रम की आध्यात्मिक यात्रा और मानव कल्याण के लिए समर्पित सेवा की धारा आने वाले दिनों में और अधिक व्यापक हो।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

