कोकराझार पुलिस ने जंगल से एनएसएलए के हथियार और गोला-बारूद बरामद किए
गुवाहाटी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। असम में उग्रवाद की समस्या को पूरी तरह समाप्त करने के उद्देश्य से पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोकराझार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर मतिझोरा के घने जंगल में अभियान चलाकर नेशनल संथाल लिबरेशन आर्मी (एनएसएलए) द्वारा छिपाकर रखे गए हथियार और गोला-बारूद बरामद किए।
असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बीती रात सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि पुलिस ने खुफिया जानकारी के आधार पर जंगल में अभियान चलाया और हथियारों तथा गोला-बारूद का पता लगाया।
मुख्यमंत्री ने इस कार्रवाई को असम में स्थायी शांति स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता बताया। उन्होंने कहा कि बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र (बीटीआर) में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
राज्य सरकार उग्रवाद को पूरी तरह समाप्त करने और क्षेत्र में स्थायी शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

