चार मई को मतगणना के लिए कोकराझार पूरी तरह तैयार, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कोकराझार (असम), 3 मई (हि.स.)। असम विधानसभा आम चुनाव 2026 के तहत चार मई को होने वाली मतगणना को लेकर कोकराझार जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में जिला आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पी उदय प्रवीन ने आज जिला आयुक्त कार्यालय स्थित सम्मेलन कक्ष में आयोजित एक संवाद समेलन में मीडिया को विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मतगणना सुबह 8 बजे से प्रारंभ होगी। सबसे पहले डाक मतपत्रों (पोस्टल बैलेट) की गणना की जाएगी, इसके बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती शुरू होगी। मतगणना प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना कार्य के लिए लगभग 500 कर्मियों की तैनाती की गई है, जिनमें काउंटिंग सुपरवाइजर, काउंटिंग असिस्टेंट, माइक्रो ऑब्जर्वर तथा अन्य कर्मचारी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त पांच मतगणना प्रेक्षक भी कोकराझार पहुंच चुके हैं और सर्किट हाउस में ठहरे हुए हैं। इनमें कृष्ण कुमार सिंह को 01-गोसाईगांव, रामजी मिश्रा को 02- दोतमा (एसटी), परदेशी सिद्धार्थ कोमल को 03-कोकराझार (एसटी), दया किशन शर्मा को 04-बाओखुंगरी तथा सौरव कुमार सिन्हा को 05- पर्वतझोड़ा विधानसभा क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
मतगणना राउंड की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि 01-गोसाईगांव विधानसभा क्षेत्र में 5 प्रत्याशियों के लिए 11 राउंड, 02- दोतमा (एसटी) में 5 प्रत्याशियों के लिए 13 राउंड, 03-कोकराझार (एसटी) में 6 प्रत्याशियों के लिए 14 राउंड, 04-बाओखुंगरी में 12 प्रत्याशियों के लिए 16 राउंड तथा 05- पर्वतझोड़ा में 8 प्रत्याशियों के लिए 17 राउंड में मतगणना पूरी की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था के बारे में उन्होंने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। इसके तहत मतगणना केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में भीड़ जुटाने पर रोक रहेगी। केवल वैध पहचान पत्रधारकों को ही प्रवेश दिया जाएगा तथा मोबाइल फोन एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्रवेश पर भी निर्धारित क्षेत्रों में प्रतिबंध रहेगा।
जिला आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतगणना कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा सभी नागरिकों और संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

