राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस की तैयारियों की समीक्षा, कोकराझाड़ में 1.21 लाख बच्चों को पोलियो खुराक देने का लक्ष्य
कोकराझाड़ (असम), 05 जून (हि.स.)।आगामी 28 जून को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (एनआईडी) के सफल संचालन को लेकर कोकराझाड़ जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला आयुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला टास्क फोर्स (डीटीएफ) की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस के दौरान जिले भर में पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन (ओपीवी) की खुराक सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि 28 जून को पोलियो संडे के रूप में मनाया जाएगा, जिसके तहत निर्धारित टीकाकरण केंद्रों पर बूथ आधारित टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।इसके बाद 29 और 30 जून को घर-घर जाकर विशेष टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा, ताकि बूथ दिवस पर छूट गए बच्चों को भी पोलियो की खुराक दी जा सके और कोई भी पात्र बच्चा टीकाकरण से वंचित न रहे। अभियान के दौरान बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, बाजारों तथा अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर विशेष ट्रांजिट टीमें भी तैनात की जाएंगी, जो यात्रा कर रहे बच्चों का टीकाकरण करेंगी।बैठक में प्रवासी एवं उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया। इन क्षेत्रों में टीकाकरण दलों द्वारा सघन घर-घर संपर्क अभियान चलाकर प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, कोकराझाड़ जिले में इस वर्ष राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस अभियान के तहत पांच वर्ष से कम आयु के कुल 1,21,269 बच्चों को पोलियो की खुराक देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।बैठक में संयुक्त स्वास्थ्य सेवा निदेशक (जेटीडीएचएस), अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (परिवार कल्याण), जिला प्रतिरक्षण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक समन्वय पर बल दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

