home page

उप-राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की तैयारियों की डीसी ने की समीक्षा

 | 
उप-राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की तैयारियों की डीसी ने की समीक्षा


उप-राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की तैयारियों की डीसी ने की समीक्षा


कोकराझाड़ (असम), 17 नवम्बर (हि.स.)। आगामी उप-राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कोकराझाड़ जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में जिला टास्क फोर्स की दूसरी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने की।

बैठक में जिला टीकाकरण अधिकारी (डीआईओ) डॉ. डी भौवाल सहित विभिन्न ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक (बीपीएम), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में जानकारी दी गई कि कोकराझाड़ जिले में आगामी 22 नवंबर 2026 को निर्धारित टीकाकरण केंद्रों पर अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा घर-घर जाकर टीकाकरण से छूटे हुए पात्र बच्चों की पहचान कर उन्हें अभियान के दायरे में लाया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य शून्य से पांच वर्ष तक के आयु वर्ग के किसी भी पात्र बच्चे को टीकाकरण से वंचित नहीं रहने देना है।

जिला प्रशासन के आंकड़ों के अनुसार, कोकराझाड़ जिले की कुल आबादी 10,29,511 है। जिले में लगभग 2,01,714 परिवार और 1,452 गांव हैं। वहीं, शून्य से पांच वर्ष तक के लक्षित आयु वर्ग में कुल 1,21,677 बच्चे शामिल हैं।

बैठक के दौरान अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। इसमें सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार करने, पात्र बच्चों की पहचान, जन-जागरूकता अभियान, सामुदायिक सहभागिता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि जिले में अधिकतम टीकाकरण कवरेज सुनिश्चित किया जा सके।

जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में मौजूद कमियों को दूर करने की आवश्यकता पर बल देते हुए संबंधित अधिकारियों को मिनी सब-सेंटर स्तर पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष पहल करने को कहा। साथ ही असम राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एएसआरएलएम) के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समुदाय की भागीदारी बढ़ाने तथा विशेष ध्यान देने वाले क्षेत्रों में परिवारों को अभियान से जोड़ने पर भी जोर दिया।

मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के महत्व को रेखांकित करते हुए जिला आयुक्त ने महिलाओं को जागरूक एवं सशक्त बनाने, आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित करने तथा समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर विभागीय समन्वय, सामुदायिक सहभागिता और जमीनी स्तर पर सक्रिय प्रयास जरूरी हैं।

बैठक में आगामी टीकाकरण अभियान को सफल बनाने तथा जिले के प्रत्येक पात्र बच्चे तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा