अरुणाचल प्रदेश के कीवी की दुबई के बाजार में दस्तक, किसानों को मिलेंगे नए अवसर
इटानगर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के कीवी को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहुंचाने की पहल के तहत दुबई के अल कुसैस स्थित लुलु हाइपरमार्केट में राज्य के कीवी का प्रदर्शन किया गया है। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए इस पहल के लिए संबंधित विभागों और संगठनों के प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से राज्य के कीवी उत्पादकों के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजार में नए अवसर खुलेंगे। उन्होंने व्यापार एवं वाणिज्य विभाग, बागवानी विभाग, कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) और कीवी उत्पादक सहकारी समिति के योगदान की सराहना की।
उन्होंने बताया कि कीवी की इस खेप को 26 अक्टूबर को इटानगर से रवाना किया गया था। इससे अरुणाचल प्रदेश के बागवानी उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहचान दिलाने में मदद मिलेगी।
खांडू ने कहा कि यह उपलब्धि केवल निर्यात की सफलता नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत का सम्मान भी है। स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने से किसानों की आय बढ़ाने, बाजार तक पहुंच मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में टिकाऊ आजीविका के अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

