home page

पवन खेड़ा के प्रेस कॉन्फ्रेंस से भाजपा को मिला फायदा, मुख्यमंत्री सरमा का ‘पेड़ा’ वाला तंज

 | 
पवन खेड़ा के प्रेस कॉन्फ्रेंस से भाजपा को मिला फायदा, मुख्यमंत्री सरमा का ‘पेड़ा’ वाला तंज


गुवाहाटी, 05 मई (हि.स.)। असम के कार्यवाहक मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान उनकी (खेड़ा) प्रेस कॉन्फ्रेंस ने परोक्ष रूप से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़ा लाभ पहुंचाया।

मंगलवार को मीडिया से बातचीत में डॉ. सरमा ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि यदि पुलिस खेड़ा को असम बुलाती है, तो वह उन्हें “बहुत सारा पेड़ा” खिलाकर धन्यवाद् देंगे। उन्होंने कहा, “जब पुलिस पवन खेड़ा को यहां बुलाएगी, तो मैं उन्हें खूब पेड़ा खिलाऊंगा और उनका आभार व्यक्त करूंगा।”

डॉ. सरमा के अनुसार, खेड़ा के संवाददाता सम्मेलन ने राजनीतिक तौर पर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाया और इसके चलते बड़ी संख्या में वोट भाजपा की ओर शिफ्ट हुए। उन्होंने यह भी दावा किया कि इसका असर कांग्रेस पर पड़ा और गौरव गोगोई को अपनी सीट गंवानी पड़ी।

उल्लेखनीय है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटा है। 126 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा ने अकेले 82 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया।

जोरहाट विधानसभा क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार हितेंद्र नाथ गोस्वामी ने गौरव गोगोई को 23 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया, जो कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश