home page

फकीराग्राम में उत्साह और उमंग के साथ शुरू हुई खेल महारण 3.0 की नगरपालिका स्तरीय प्रतियोगिता

 | 
फकीराग्राम में उत्साह और उमंग के साथ शुरू हुई खेल महारण 3.0 की नगरपालिका स्तरीय प्रतियोगिता


फकीराग्राम में उत्साह और उमंग के साथ शुरू हुई खेल महारण 3.0 की नगरपालिका स्तरीय प्रतियोगिता


कोकराझार (असम), 17 नवम्बर (हि.स.)। असम सरकार के खेल विभाग की पहल पर आयोजित राज्यव्यापी खेल कार्यक्रम खेल महारण 3.0 के तहत आज कोकराझार जिले के फकीराग्राम नगरपालिका स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह और उमंग के साथ हुआ। फकीराग्राम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 7 नंबर फकीराग्राम परिषद निर्वाचन क्षेत्र के पार्षद अजामुल हक उपस्थित रहे। वहीं फकीराग्राम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्रधान शिक्षिका उर्मिला राय, फकीराग्राम नगरपालिका के अध्यक्ष सुल्तान आलम सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं खेल प्रेमी भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि युवा पीढ़ी में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने, छिपी हुई खेल प्रतिभाओं की पहचान करने तथा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने खेल महारण कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस पहल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।

प्रतियोगिता को लेकर फकीराग्राम क्षेत्र में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 17, 18 एवं 19 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, योगासन, शतरंज, फुटबॉल, तैराकी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग एवं एक्वाथलॉन सहित विभिन्न खेल विधाओं को शामिल किया गया है।

इस अवसर पर फकीराग्राम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्रधान शिक्षिका उर्मिला राय ने खेल महारण जैसे आयोजन को विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में खेल के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ेगा तथा उन्हें भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा