असम में 7 नवंबर से शुरू होगा खेल महारण 3.0
गुवाहाटी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। असम में जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने वाला सबसे बड़ा अभियान खेल महारण अपने तीसरे संस्करण के साथ 7 नवंबर से शुरू होगा। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दो सफल संस्करणों के बाद खेल महारण 3.0 एक बार फिर राज्य के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए नया मंच प्रदान करेगा। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति उत्साह, प्रतिभा और ऊर्जा को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि गांवों के खेल मैदानों से लेकर राज्य स्तर तक प्रतिभाओं की पहचान करने और उन्हें निखारने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसके माध्यम से युवाओं को खेलों से जोड़ने, उनकी क्षमताओं का विकास करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने पर जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि खेल महारण का तीसरा संस्करण पिछले आयोजनों की तुलना में अधिक व्यापक, उत्साहपूर्ण और रोमांचक होगा। इस पहल के जरिए राज्य में जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को मजबूत करने तथा युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जाएगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

