असम में सात नवंबर से शुरू होगा खेल महारण 3.0, 60 लाख खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण: मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। असम में जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें उचित मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित खेल महारण का तीसरा संस्करण सात नवंबर से शुरू होगा। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि इस बार के आयोजन के लिए करीब 60 लाख खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। मुख्यमंत्री ने आज गुवाहाटी में खेल महारण के लोगो, शुभंकर, जर्सी और थीम सॉन्ग का अनावरण किया। इसके साथ ही असम भर की खेल प्रतिभाओं को एक मंच पर लाने और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करने वाले खेल महोत्सव की तैयारियों को नई गति मिली।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के कोने-कोने में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देने के लिए खेल महारण का आयोजन किया जा रहा है। राज्य सरकार ने खेल प्रतिभाओं की पहचान और उनके विकास के लिए जेएसडब्ल्यू के साथ समझौता ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर किए हैं।
उन्होंने बताया कि खेल महारण की शुरुआत पंचायत स्तर से होगी। इसके बाद विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन सभी चरणों के पूरा होने के बाद गुवाहाटी में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने राज्य के सभी खेल प्रेमियों से खेल महारण में सक्रिय सहयोग करने और इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
इस अवसर पर खेल महारण के थीम गीत का भी उल्लेख किया गया। प्रख्यात साहित्यकार कैलाश नाथ शर्मा द्वारा रचित इस गीत को लोकप्रिय गायक दीक्षु शर्मा ने अपनी आवाज दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि थीम गीत के बोल शांति, सद्भाव और मैत्री के साथ असम की जनता के सामूहिक संकल्प को अभिव्यक्त करते हैं। गीत के शब्दों और संगीत के माध्यम से राज्य के खेल समुदाय के उत्साह, उम्मीदों और आकांक्षाओं को स्वर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम ने पहले सड़कों पर आंदोलन और मशाल जुलूस भी देखे हैं, लेकिन अब राज्य में शिक्षा, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में नए आंदोलन की शुरुआत हुई है।
उन्होंने सड़क पर आंदोलन करने वालों से भी खेल आंदोलन से जुड़ने और राज्य में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने में योगदान देने का आह्वान किया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

