home page

असम में खेल महारण 3.0 का राज्यव्यापी शुभारंभ

 | 
असम में खेल महारण 3.0 का राज्यव्यापी शुभारंभ


गुवाहाटी, 07 नवंबर (हि.स.)। असम सरकार की पहल पर शनिवार से राज्यभर में खेल महारण 3.0 का शुभारंभ हुआ। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों और उभरते खिलाड़ियों की खेल प्रतिभा को निखारना तथा उन्हें खेल के क्षेत्र में भविष्य बनाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

नलबाड़ी में आयोजित खेल महारण कार्यक्रम में राज्य के मंत्री जयंत मल्लबरुवा शामिल हुए। धमधमा हाईस्कूल के खेल मैदान में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान मंत्री ने प्रतिभागियों से बातचीत की और खेल महारण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।

वहीं, नारायणपुर नगरपालिका की पहल पर आयोजित खेल महारण 3.0 का बिहपुरिया के विधायक भूपेन बोरा ने विधिवत उद्घाटन किया।

इसी तरह, मरियानी के बेलेउगुड़ी आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में पंचायत स्तर पर खेल महारण प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। विधायक रूपज्योति कुर्मी ने प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया।

उल्लेखनीय है कि खेल महारण के तीसरे संस्करण के माध्यम से राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश