पीएम मोदी को ‘आतंकवादी’ कहकर खरगे ने पार की सभी सीमाएं: देवजीत महंत
गुवाहाटी, 22 अप्रैल (हि.स.)। असम प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को “आतंकवादी” कहे जाने वाले बयान की कड़ी निंदा की है। पार्टी ने इस टिप्पणी को बेहद असंवेदनशील और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताया है।
असम प्रदेश भाजपा प्रवक्ता डॉ. देवजीत महंत ने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणियां न केवल आपत्तिजनक हैं, बल्कि राजनीतिक संवाद के स्तर में गिरावट को भी दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विचारधारा और नीतियों को लेकर मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन प्रधानमंत्री जैसे सर्वोच्च संवैधानिक पद के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग न केवल व्यक्ति विशेष बल्कि उस पद की गरिमा को भी ठेस पहुंचाता है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह पहली बार नहीं है जब खरगे ने जनभावनाओं के प्रति असंवेदनशील टिप्पणी की है। जब असम के सांस्कृतिक प्रतीक भूपेन हजारिका को भारत रत्न से सम्मानित किया गया था, तब भी खरगे ने सवाल उठाया था कि एक गायक को यह सम्मान क्यों दिया गया। इसके अलावा उनके पुत्र प्रियांक खरगे द्वारा असम के युवाओं को लेकर की गई टिप्पणी को भी अपमानजनक बताया गया।
डॉ. महंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की आंतरिक सुरक्षा मजबूत हुई है और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। ऐसे में इस तरह के निराधार और भड़काऊ बयान राष्ट्रीय एकता को कमजोर करते हैं।
असम प्रदेश भाजपा ने खरगे के बयान को बेहद गैर-जिम्मेदाराना करार देते हुए कहा कि इतने ऊंचे पद पर बैठे व्यक्ति के लिए इस तरह की भाषा का प्रयोग अनुचित है। पार्टी ने कांग्रेस नेतृत्व से संयम बरतने, लोकतांत्रिक मूल्यों का पालन करने और सार्वजनिक बयानबाजी में मर्यादा बनाए रखने की अपील की है। साथ ही खरगे और कांग्रेस पार्टी से देश की जनता से माफी मांगने की भी मांग की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

