आज से पर्यटकों के लिए बंद हुआ काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान
काजीरंगा (असम), 28 मई (हि.स.)। असम का प्रसिद्ध काजीरंगा नेशनल पार्क आज से पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया। पर्यटन सत्र के अंतिम दिन मुंबई से आए पर्यटकों ने उद्यान के अंतिम जीप सफारी में हिस्सा लिया और राज्य सरकार तथा वन विभाग की व्यवस्थाओं की सराहना की।
पर्यटकों ने कहा कि काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में वन्यजीवों, विशेषकर एक सींग वाले गैंडों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए सरकार द्वारा किए गए प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने उद्यान को सुरक्षित और संरक्षित बनाए रखने की व्यवस्था को अतुलनीय बताया।
अंतिम जीप सफारी में शामिल पर्यटकों ने वर्ष 2025-26 के दौरान एक भी गैंडे के शिकार की घटना सामने नहीं आने पर राज्य सरकार और वन विभाग को धन्यवाद दिया। पर्यटकों का कहना था कि काजीरंगा में वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में असम सरकार ने एक मिसाल कायम की है।
ज्ञात हो कि हर साल मानसून के मद्देनजर काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान को बंद किया जाता है। बरसात के बाद उद्यान को फिर से पर्यटकों के लिए खोला जाता है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

