home page

काजीरंगा की हथिनी कृष्णा का निधन, मुख्यमंत्री सरमा ने जताया शोक

 | 
काजीरंगा की हथिनी कृष्णा का निधन, मुख्यमंत्री सरमा ने जताया शोक


गुवाहाटी, 09 नवंबर (हि.स.)। असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान की लंबे समय तक सेवा करने वाली हथिनी 'कृष्णा' का गत 6 नवंबर को निधन हो गया। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा कर कृष्णा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ विदाइयों को स्वीकार करना बेहद कठिन होता है। कृष्णा काजीरंगा के लिए ऐसा ही एक जाना-पहचाना नाम थी। उसने वर्ष 1982 में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान में अपनी सेवाएं शुरू की थीं और लंबे समय तक उद्यान की सुरक्षा तथा वन्यजीव संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कृष्णा ने काजीरंगा रेंज से लेकर बागोरी रेंज तक अपनी सेवाएं दीं। उसकी कार्ययात्रा समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल रही। इस दौरान वह तीन शावकों की मां भी बनी थी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि करीब 21 वर्ष पहले दृष्टि पूरी तरह खो देने के कारण कृष्णा को सक्रिय ड्यूटी से सेवानिवृत्त होना पड़ा था। हालांकि, सेवानिवृत्ति के बाद भी काजीरंगा के साथ उसका रिश्ता बना रहा। वन विभाग के अधिकारियों ने नियमित चिकित्सा, देखभाल और स्नेह के साथ उसकी सेवा जारी रखी थी।

मुख्यमंत्री ने कृष्णा के निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए उसकी आत्मा की चिरशांति की कामना की।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश