काजीरंगा-जोरहाट मार्ग को ग्रीन कॉरिडोर घोषित, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन की पहल
गोलाघाट (असम), 13 नवंबर (हि.स.)। काजीरंगा के रंगाजन में हुए भीषण सड़क हादसे के घायलों को शीघ्र अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन ने काजीरंगा-जोरहाट मार्ग को ग्रीन कॉरिडोर घोषित किया।
प्रशासन ने यह व्यवस्था घायलों को तत्काल जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएमसीएच) पहुंचाने के उद्देश्य से की है, ताकि उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
इसके तहत मार्ग पर एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
इस बीच, असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दुर्घटना में घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रशासन का प्रयास है कि गंभीर रूप से घायल लोगों को बिना किसी देरी के अस्पताल पहुंचाकर समुचित उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

