एनएफएसए लाभार्थियों को मसूर दाल और चीनी वितरण की तैयारियों की मंत्री कौशिक राय ने की समीक्षा
गुवाहाटी, 22 जुलाई (हि.स.)। असम के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले मंत्री कौशिक राय ने बुधवार को जनता भवन में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के लाभार्थियों को मसूर दाल और चीनी के वितरण की तैयारियों की समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में मसूर दाल और चीनी की खरीद, आपूर्ति तथा वितरण व्यवस्था की प्रगति का आकलन किया गया। विभागीय अधिकारियों और नाफेड के प्रतिनिधियों ने योजना के क्रियान्वयन की स्थिति से मंत्री को अवगत कराया।
कौशिक राय ने अधिकारियों और नाफेड के प्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभार्थियों तक आवश्यक खाद्य सामग्री समय पर पहुंचाने के लिए आपसी समन्वय बनाए रखें और वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएं। उन्होंने निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन करने तथा आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने पर भी जोर दिया।
मंत्री ने कहा कि असम सरकार खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है कि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव बिस्वरंजन समल, सचिव अनुसूया दत्त बरुवा, आयुक्त हेमंत भुइयां सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

