नगर निकाय आयुक्त संघ के साथ मंत्री कौशिक राय ने की बैठक
- बेहतर शहरी प्रशासन के लिए समन्वित प्रयास पर जोर
गुवाहाटी, 22 अगस्त (हि.स.)। असम के आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री कौशिक राय ने शनिवार को जनता भवन के ब्लॉक-बी स्थित कार्यालय सम्मेलन कक्ष में ऑल असम म्यूनिसिपल बोर्ड कमिश्नर्स एसोसिएशन (एएएमबीसी) के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ बैठक की।
बैठक में नगर निकायों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों और आयुक्तों के सामने अपने दायित्वों के निर्वहन के दौरान आने वाली विभिन्न समस्याओं और चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सूरजित बर्मन ने मंत्री के समक्ष विभिन्न मुद्दों को रखा।
मंत्री राय ने एसोसिएशन को आश्वासन दिया कि विभाग उनकी जायज चिंताओं के समाधान और कर्तव्यों के बेहतर निर्वहन में हरसंभव सहयोग एवं सहायता प्रदान करेगा।
शहरी प्रशासन को मजबूत बनाने के लिए टीम भावना और समन्वय की आवश्यकता पर जोर देते हुए राय ने आयुक्तों से सभी संबंधित पक्षों के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य नागरिकों को प्रभावी, जवाबदेह और बेहतर नगर निकाय सेवाएं उपलब्ध कराना होना चाहिए।
मंत्री ने बताया कि शहरी स्थानीय निकायों के प्रदर्शन का जल्द ही आकलन किया जाएगा। प्रदर्शन के आधार पर इन्हें सोलर लाइट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि बेहतर प्रदर्शन, प्रभावी सेवा वितरण और संसाधनों का कुशल उपयोग राज्य में नगर निकायों को मजबूत बनाने के प्रमुख आधार होंगे।
राय ने यह भी बताया कि राज्य के सभी निकायों के अध्यक्षों, उपाध्यक्षों, कार्यकारी अधिकारियों, वित्तीय प्रबंधन अधिकारियों और शहरी तकनीकी अधिकारियों के साथ जल्द ही एक और बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें शहरी विकास योजनाओं के प्रभावी संचालन और क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होगी।
बैठक में आवास एवं शहरी मामलों के विभाग के सचिव तथा नगर प्रशासन के प्रभारी निदेशक टंकेश्वर दास भी उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

