गुवाहाटी में कपूर चंद जैन स्मृति पुस्तकालय का राज्यपाल डेका ने किया उद्घाटन
गुवाहाटी, 23 अगस्त (हि.स.)। श्री दिगंबर जैन पंचायत गुवाहाटी एवं श्री दिगंबर जैन विद्यालय द्वारा आयोजित कार्यक्रम में रविवार को महावीर भवन, एटी रोड स्थित श्री दिगंबर जैन विद्यालय परिसर में कपूर चंद जैन स्मृति पुस्तकालय का उद्घाटन किया गया। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने पुस्तकालय का उद्घाटन किया।
यह पुस्तकालय दिवंगत कपूर चंद जैन की स्मृति को समर्पित है। सामाजिक कार्यकर्ता, लेखक और समाज के समर्पित सदस्य के रूप में उन्होंने शिक्षा, साहित्य और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया था।
कार्यक्रम में गुवाहाटी नगर निगम के महापौर मृगेन सरनिया, वार्ड पार्षद प्रमोद स्वामी एवं सौरव झुनझुनवाला, श्री दिगंबर जैन पंचायत के अध्यक्ष महावीर जैन, हंसराज रारा, एमपी छाबड़ा तथा दिवंगत कपूर चंद जैन की पत्नी हीरामणि देवी जैन सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बड़ी संख्या में समाज के सदस्य और विद्यालय के छात्र भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
राज्यपाल रमेन डेका ने दिवंगत कपूर चंद जैन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए साहित्य और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि कपूर चंद जैन पांच दशक से अधिक समय तक श्री दिगंबर जैन विद्यालय से जुड़े रहे और असमिया, हिंदी, अंग्रेजी तथा बंगाली भाषाओं में महत्वपूर्ण साहित्यिक योगदान दिया।
अपने संबोधन में राज्यपाल ने विद्यार्थियों और नागरिकों से पुस्तकालयों का अधिक से अधिक उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने ज्ञान अर्जित करने में पुस्तकों और प्रिंट मीडिया के महत्व पर भी प्रकाश डाला तथा अपने शुरुआती दिनों में पुस्तकालयों से जुड़े अनुभव साझा किए।
उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की सलाह देते हुए कहा कि असफलताओं से निराश होने के बजाय उनसे प्रेरणा लेकर अधिक मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
राज्यपाल ने धन की बचत और जिम्मेदारी से खर्च करने के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता के प्रयासों को समझने और संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। बचत की आदत को प्रोत्साहित करने के लिए उन्होंने कुछ विद्यार्थियों को पारंपरिक मटके भी भेंट किए।
उन्होंने जरूरतमंदों की सहायता के लिए अपनी क्षमता के अनुसार दान करने की अपील की। जैन समाज के योगदान की सराहना करते हुए राज्यपाल ने अहिंसा के महत्व पर जोर दिया तथा प्राकृतिक संसाधनों, विशेषकर जल के संरक्षण और अपव्यय रोकने की आवश्यकता बताई।
कपूर चंद जैन स्मृति पुस्तकालय दिवंगत कपूर चंद जैन की ज्ञान, शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा की विरासत को आगे बढ़ाने के साथ नई पीढ़ी में पढ़ने, सीखने और समाज के प्रति सकारात्मक योगदान देने की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

