एसएसबी की प्रथम वाहिनी का सोनापुर में नवरात्र पर कन्या पूजन समारोह आयोजित
गुवाहाटी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र के पावन अवसर पर सोमवार को असम के सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी परिसर में कन्या पूजन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन तथा संदीक्षा की अध्यक्ष वैशाली कौशिक के नेतृत्व एवं पर्यवेक्षण में किया गया।
धार्मिक श्रद्धा और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित इस समारोह का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं तथा नारी शक्ति के सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। नवरात्र के दौरान कन्याओं को मां दुर्गा के नौ स्वरूपों का प्रतीक मानकर उनकी पूजा की जाती है।
इस अवसर पर कन्याओं का विधिवत पूजन किया गया तथा उन्हें भोजन और प्रसाद अर्पित किया गया। साथ ही उनके सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम में संदीक्षा की सदस्यों के साथ वाहिनी परिवार के अन्य सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह से वाहिनी परिसर में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक सौहार्द और आपसी सद्भाव का वातावरण बना।
एसएसबी की प्रथम वाहिनी सोनापुर द्वारा भारतीय सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

