भूमि विवाद के कारण चाकूबाजी में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत
कामरूप (असम), 21 अक्टूबर (हि.स.)। कामरूप (ग्रामीण) जिले के हाजो में भूमि विवाद के चलते पिता-पुत्र हमले में गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों को इलाज के लिए चांगसारी स्थित नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान बीती देर रात सफेद अली की मौत हो गयी। जबकि पुत्र राहुल अली की अवस्था काफी गंभीर है। उसे उन्नत इलाज के लिए गुवाहाटी मेडिकल कालेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की शाम को हाज़ो इलाके में मिन्टू अली नामक व्यक्ति अपने खेत में ट्रैक्टर से मिट्टी ले जा रहे थे। इसी बीच सफ़ेद अली ने मिट्टी उठाने से रोकने की कोशिश की। जिसके चलते मिन्टू अली के परिवार के लोगों ने चाकू से सफ़ेद अली पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसकी जानकारी मिलते ही सफ़ेद अली का पुत्र राहुल अली उर्फ़ मून घटनास्थल पर पहुंचा तो उस पर भी मिन्टू अली के परिवार ने चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।
गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र दोनों को नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालांकि देर रात में सफ़ेद अली की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि राहुल अली की स्थिति गंभीर है। सफ़ेद अली आरपीएफ़ के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, जबकि उनके पुत्र राहुल अली असम पुलिस रेडियो आर्गेनाइजेशन (एपीआरओ) में उप-निरीक्षक के पद पर तैनात हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच करते हुए हत्या के आरोपित मिन्टू अली, रुफिया बेगम, जुमी बेगम, राज अहमद को गिरफ्तार कर लिया है। दो लोग फरार बताए जा रहे हैं। ददरा पुलिस घटना की गहन जांच कर रही है। इस घटना को लेकर इलाके में अभी भी तनाव बना हुआ है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, साथ ही फरार दोनों आरोपितों को पकड़ने के लिए भी पुलिस का अभियान जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

