कामरूप में सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा, दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित करने पर जोर
कामरूप (असम), 13 अक्टूबर (हि.स.)। असम के कामरूप जिले में जिला सड़क सुरक्षा समिति (डीआरएससी) की अक्टूबर माह की बैठक मंगलवार को छयगांव नाट्य मंदिर सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति की समीक्षा करने के साथ दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान और सड़क सुरक्षा उपायों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
कामरूप के जिला आयुक्त देब कुमार मिश्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के संवेदनशील सड़क खंडों और दुर्घटना संभावित स्थलों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिला आयुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लक्षित इंजीनियरिंग उपायों तथा प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना (पीएम-राहत) की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही आघात चिकित्सा सुविधाओं और एम्बुलेंस की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था में मौजूद कमियों का आकलन किया गया। भारी वाहनों में गति नियंत्रक उपकरणों के अनिवार्य और सख्त अनुपालन के साथ सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
समिति ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) सहित संबंधित एजेंसियों को प्रमुख राजमार्गों पर चिह्नित दुर्घटना संभावित स्थलों में सुधार कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बैठक में कामरूप के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुभाशीष बरुवा, अतिरिक्त जिला आयुक्त आदित्य गोगोई और मोनिका बरगोहाईं, बोको-छयगांव के सह-जिला आयुक्त प्रियंशु भारद्वाज, पलाशबाड़ी के सह-जिला आयुक्त भास्कर ज्योति कलिता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुन्नम पेगू सहित जिला सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

