गड्ढे में गाड़ी गिरने से चालक की मौत
कामरूप (असम), 25 अगस्त (हि.स.)। कामरूप जिले के पलाशबाड़ी में बीती देर रात एक वाहन चालक की मौत हो गई। उसकी गाड़ी खोदे गए एक गड्ढे में गिरकर पलट गई। मृतक की पहचान गौतम दास के तौर पर हुई है।
यह हादसा 'सेंचुरी प्लाई' के परिसर में हुआ, जहां दिन में खुदाई का काम किया गया था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दास नाइट ड्यूटी पर था और उसे शायद इस बात की जानकारी नहीं थी कि वहां गड्ढा खोदा गया है। इसी दौरान गाड़ी खुदाई वाली जगह पर गड्ढे में गिर कर पलट गई। दास पलटी हुई गाड़ी के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पलाशबाड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के कारणों की जांच शुरू की। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गाड़ी खुदाई वाली जगह पर कैसे पहुंची और खुदाई के बाद सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम या चेतावनी के संकेत मौजूद थे या नहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

