कामरूप में जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू, जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
कामरूप (असम), 05 नवंबर (हि.स.)। असम के कामरूप जिले में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत जनसंख्या गणना (पीई) की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस सिलसिले में गुरुवार को अमीनगांव स्थित जिला आयुक्त कार्यालय के जिला प्रशिक्षण केंद्र में जिला जनगणना अधिकारियों के लिए दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला आयुक्त एवं जिला जनगणना अधिकारी गीताश्री लाचित ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि जनगणना देश की योजना निर्माण और समग्र विकास के लिए व्यापक जनसांख्यिकीय आंकड़े उपलब्ध कराने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या गणना के दौरान अधिकारियों की जिम्मेदारियां बेहद महत्वपूर्ण होंगी। इसके लिए सभी अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी और उचित तैयारी सुनिश्चित करनी होगी।
जिला आयुक्त एवं प्रधान जनगणना अधिकारी देव कुमार मिश्र ने अपने संबोधन में कहा कि फरवरी 2027 में प्रस्तावित जनसंख्या गणना के सुचारू संचालन के लिए यह प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण का प्रभावी उपयोग करने तथा अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सटीकता, गंभीरता और निर्धारित समय सीमा के भीतर करने का आह्वान किया। उन्होंने मार्च 2027 तक जनगणना से संबंधित सभी गतिविधियों को पूरा करने पर भी जोर दिया।
प्रशिक्षण के दौरान असम जनगणना संचालन निदेशालय के सहायक निदेशक (आईटी) सप्तराज दास और डीपीए-बी सतदल दत्ता ने तकनीकी सत्र संचालित किए। इन सत्रों में जनगणना प्रबंधन एवं निगरानी प्रणाली (सीएमएमएस) पोर्टल, जनसंख्या गणना के दौरान पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों, जनगणना अधिनियम के तहत दंड संबंधी प्रावधानों तथा संक्षिप्त मकान सूची सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी रतीश बोरा, अंचल अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तकनीकी सहायक तथा जिले के अन्य संबंधित जनगणना अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

