home page

ऐतिहासिक शक्तिपीठ कामाख्या धाम में हर्षोल्लास के साथ नवरात्रि उत्सव, चल रही है विशेष कुमारी पूजा

 | 
ऐतिहासिक शक्तिपीठ कामाख्या धाम में हर्षोल्लास के साथ नवरात्रि उत्सव, चल रही है विशेष कुमारी पूजा


ऐतिहासिक शक्तिपीठ कामाख्या धाम में हर्षोल्लास के साथ नवरात्रि उत्सव, चल रही है विशेष कुमारी पूजा


गुवाहाटी, 11 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गो पूजा के पावन और भक्तिमय माहौल के बीच देश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ कामाख्या धाम में नवरात्रि का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। नीलाचल पर्वत पर स्थित इस ऐतिहासिक मंदिर में नवरात्रि के इन दिनों विशेष पूजा-अर्चना का दौर जारी है, जहां मां कामाख्या का आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए देश-विदेश से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

दुर्गा पूजा के साथ-साथ शक्तिपीठ कामाख्या धाम में नवरात्रि के नौ पावन दिनों तक विशेष धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं। सुबह से ही मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना की जा रही है। वैदिक मंत्रोच्चार और मांगलिक ध्वनि से पूरा नीलाचल पर्वत परिसर गुंजायमान हो उठा है।

कामाख्या धाम में मनाए जा रहे नवरात्रि उत्सव का एक बेहद महत्वपूर्ण और खास हिस्सा 'कुमारी पूजा' है। परंपरा के अनुसार, यहां नवरात्रि के पूरे नौ दिनों तक मंदिर परिसर में प्रतिदिन कुमारी पूजा का आयोजन किया जाता है।

इस अनोखी परंपरा के नियमों के तहत, नवरात्रि के पहले दिन एक कन्या की पूजा की जाती है। इसके बाद दूसरे दिन दो कन्याओं की पूजा की जाती है, और इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए नौवें दिन नौ कन्याओं को देवी का जीवंत स्वरूप मानकर उनकी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है।

देवी की आराधना के इस पावन पर्व पर कामाख्या धाम का पूरा आध्यात्मिक वातावरण हर आने वाले श्रद्धालु के मन में एक अनूठी और अलौकिक शांति का संचार कर रहा है। देवी की आराधना और भव्य कुमारी पूजा के इस अनूठे संयोग से वर्तमान में पूरा शक्तिपीठ भक्ति रस में डूबा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर