कामाख्या कॉरिडोर, मिशन बसुंधरा 4.0 समेत कई बड़ी घोषणाओं का ऐलान: मुख्यमंत्री
गुवाहाटी, 17 जुलाई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार देर रात फेसबुक लाइव के दौरान धर्म, भूमि सुधार, रोजगार, शहरी विकास और चाय उद्योग से जुड़े कई महत्वपूर्ण ऐलान किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर कामाख्या कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा, जिस पर लगभग 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि मिशन बसुंधरा से अब तक 10 लाख से अधिक परिवार लाभान्वित हो चुके हैं। साथ ही 25 दिसंबर से मिशन बसुंधरा 4.0 शुरू किया जाएगा। भूमि संबंधी शिकायतों और सुझावों के लिए जल्द ही एक विशेष पोर्टल भी शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गुवाहाटी के फ्लाईओवरों पर वर्टिकल गार्डन बनाने का काम शुरू हो गया है और राज्य के अन्य शहरों के फ्लाईओवरों पर भी ऐसी पहल की जाएगी।
उन्होंने कहा कि दो लाख सरकारी नौकरियां देने के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रक्रिया तेज कर दी गई है। 6 और 7 अगस्त से निजुत मोइना और निजुत बाबू योजनाओं के प्रमाणपत्र वितरित किए जाएंगे।
डॉ. सरमा ने लाचित बरफूकन के जीवन पर हिंदी फिल्म बनाने की योजना की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम की माचा (Matcha) चाय को वैश्विक बाजार तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही सीटीसी चाय के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए निर्यातकों को सरकारी प्रोत्साहन (सब्सिडी) दिया जाएगा।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

