home page

एक्सरसाइज प्रगति 2026 में छाए के9 वारियर्स

 | 
एक्सरसाइज प्रगति 2026 में छाए के9 वारियर्स


गुवाहाटी, 26 मई (हि.स.)। एक्सरसाइज प्रगति 2026 के दौरान बहुराष्ट्रीय सैन्य प्रशिक्षण और टैक्टिकल ड्रिल्स के बीच भारतीय सेना के के9 वारियर्स सबसे बड़ा आकर्षण बने। मित्र देशों की सेनाओं के साथ प्रशिक्षण लेते हुए इन सैन्य कुत्तों ने आधुनिक ऑपरेशनों में अपनी अहम भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।

आईईडी डिटेक्शन से लेकर ट्रैकिंग और इंटरवेंशन ऑपरेशंस तक, के9 टीमों ने दिखाया कि प्रशिक्षित सैन्य कुत्ते खतरनाक परिस्थितियों में भी कितने महत्वपूर्ण सिद्ध होते हैं। इस प्रदर्शन में एलन (बेल्जियन मैलिनोइस हमलावर कुत्ता), विक्टर (रामपुर हाउंड ट्रैकर कुत्ता) और डीईओ (लैब्राडोर विस्फोटक-पहचान कुत्ता) प्रमुख रूप से शामिल रहे, जिन्होंने अपने-अपने विशेष कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

डेमो का एक खास आकर्षण भारत की स्वदेशी नस्ल रामपुर हाउंड की भागीदारी रही, जिसका प्रतिनिधित्व विक्टर ने किया। जलवायु सहनशीलता, मजबूती और रोग प्रतिरोध जैसी खूबियों के कारण स्वदेशी नस्लों को अब तेजी से सेना की ऑपरेशनल भूमिकाओं में शामिल किया जा रहा है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।

के9 वारियर्स ने रेगिस्तान से लेकर ग्लेशियर तक विभिन्न भू-भागों में अपनी उपयोगिता का प्रदर्शन किया। अधिकारियों के अनुसार, ये कुत्ते विस्फोटक खोज, दुश्मन की मूवमेंट ट्रैकिंग और इंटरवेंशन टीमों के समर्थन जैसे कार्यों में निरंतर अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं। गति, सहज प्रवृत्ति, साहस और वफादारी का अनोखा संयोजन उन्हें वास्तविक युद्ध में ‘साइलेंट फोर्स मल्टीप्लायर’ बनाता है।

अभ्यास में रोबोटिक डॉग्स भी शामिल रहे, जिन्होंने भविष्य के सैन्य अभियानों में तकनीक और प्रशिक्षित के9 क्षमताओं के बीच विकसित होते सामंजस्य को प्रदर्शित किया। पारंपरिक अनुभव और आधुनिक तकनीक का यह संयोजन भविष्य की ऑपरेशनल क्षमता को और सशक्त बनाने वाला माना जा रहा है।

एक्सरसाइज प्रगति 2026 ने एक बार फिर भारतीय सेना की तैयारियों, नवाचार और बहुराष्ट्रीय सहयोग की भावना को प्रदर्शित किया, जिसमें के9 वारियर्स ने साहस, निष्ठा और तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण पेश किया।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश