home page

रेलवे यार्ड हटाने की सांसद ने की मांग

 | 

-जोरहाट टाउन रेलवे गुड्स यार्ड स्थानांतरण को लेकर रेलवे ने स्पष्ट की स्थिति

जोरहाट (असम), 12 सितंबर (हि.स.)। जोरहाट नगरपालिका की ओर से जोरहाट टाउन रेलवे गुड्स यार्ड को स्थानांतरित करने की मांग पर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने जवाब दिया है। पूसीरे के मालीगांव स्थित मुख्यालय में उप महाप्रबंधक (सामान्य) अनुराग अग्रवाल द्वारा 4 सितंबर को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि जोरहाट टाउन गुड्स यार्ड पर भीड़-भाड़ कम करने के लिए रेलवे ने कदम उठाए हैं। पत्र में बताया गया है कि भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के लिए नजदीकी चिनामारा स्टेशन पर एक अलग साइडिंग शुरू की गई है, जिसके चलते जोरहाट टाउन यार्ड में आने वाले रैक अब चिनामारा में ही हैंडल किए जा रहे हैं।

इसके अलावा जोरहाट से लगभग 22 किलोमीटर दूर तिताबर स्टेशन पर लोडिंग-अनलोडिंग सुविधा के लिए 15.16 करोड़ रुपये की लागत से एक नए गुड्स साइडिंग का निर्माण स्वीकृत किया गया है। इसकी निविदा प्रक्रिया जारी है और निविदा फाइनल होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। परियोजना को अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

गौरतलब है कि काजीरंगा के लोकसभा सांसद कामाख्या प्रसाद तासा ने हाल ही में संसद में जोरहाट रेलवे यार्ड के कारण होने वाले ट्रैफिक जाम का मुद्दा उठाया था। रेलवे ने उनके सवाल के जवाब में बताया था कि साल 2022 से भारतीय खाद्य निगम के सभी रैक सीधे चिनामारा में हैंडल किए जा रहे हैं। वहीं तिताबर में प्रस्तावित गुड्स साइडिंग की जानकारी भी दी।

इस मुद्दे पर रेलवे ने पहले सांसद तासा और अब जोरहाट नगरपालिका को जवाब देकर संतुष्ट करने का प्रयास किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Satish Rai