home page

असमः पूठी नदी का रिंग बांध टूटने से छह गांवों में घुसा बाढ़ का पानी

 | 
असमः पूठी नदी का रिंग बांध टूटने से छह गांवों में घुसा बाढ़ का पानी


जोरहाट (असम), 13 जुलाई (हि.स.)। जोराहाट जिलांतर्गत टियक इलाके में सोमवार की तड़के आई बाढ़ के चलते लगभग छह गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। जिसके चलते ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया है।

बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार पूठी नदी का रिंग बांध टूटने के बाद बलमा इलाके के लगभग छह गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। ग्रामीणों के घरों और खेतों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया। जिसके चलते खाने-पीने की सामग्री, विस्तर एवं अन्य सामान पानी में डूब गये हैं।

ग्रामीणों के अनुसार उनके कई पालतू पशु भी बाढ़ के पानी में बह गये हैं। ग्रामीण सुरक्षित आश्रय की तलाश में ऊंचाई वाले इलाकों में पलयान कर रहे हैं। वहीं इसकी सूचना मिलते ही जिला प्रशासन एवं अन्य प्रशासनिक अमला राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बरसात के मौसम में स्थिति कमोबेश ऐसी ही देखने को मिलती है। उन्होंने आरोप लगाया है कि जर्जर बांध की मरम्मत नहीं होने के चलते रिंग बांध टूट गया। जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है। ग्रामीणों ने बाढ़ से निजात के लिए सरकार से स्थायी समाधान की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय