home page

मणिपुर में संयुक्त अभियान: उग्रवादी गिरफ्तार, बंकर ध्वस्त, हथियार बरामद

 | 
मणिपुर में संयुक्त अभियान: उग्रवादी गिरफ्तार, बंकर ध्वस्त, हथियार बरामद


इंफाल, 14 अप्रैल (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों द्वारा बीते 24 घंटे में चलाए गए सिलसिलेवार अभियानों में एक उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया है, वहीं अलग-अलग स्थानों पर बंकरों को ध्वस्त करने के साथ भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए हैं।

मणिपुर पुलिस ने असम पुलिस के सहयोग से जिरीबाम जिले के कमरांगा निवासी होदम रोमें सिंह उर्फ नाओबी (39) को गिरफ्तार किया। उसे असम के होजाई जिले के लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत रूपनगर से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार व्यक्ति आरपीएफ/पीएलए का सदस्य है और जिरीबाम थाना में दर्ज एक मामले में सह-आरोपित भी है।

एक अन्य अभियान में उखरुल जिले के लितान थाना क्षेत्र के अंतर्गत मोंगकोट चेपू गांव इलाके में सुरक्षा बलों ने चार बंकरों को नष्ट कर दिया। मौके से 35 खाली कारतूस भी बरामद किए गए।

इसी क्रम में कांगपोकपी जिले के सैकुल थाना क्षेत्र के तहत तिंगपिबुंग और लेप्लेन गांवों के बीच तलाशी अभियान चलाकर सुरक्षा बलों ने हथियारों का जखीरा बरामद किया। बरामद सामग्री में पांच देसी बोल्ट एक्शन सिंगल बैरल बंदूकें, तीन पम्पी हथियार, एक नंबर-36 हैंड ग्रेनेड, 7.62 मिमी के दो जिंदा कारतूस, विभिन्न कैलिबर के 50 खाली खोखे तथा एक चार्जर सहित दो रेडियो सेट शामिल हैं।

सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने और शांति बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश