मणिपुर के पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त अभियान, आठ सशस्त्र व्यक्तियों को हिरासत में लेकर किया गया निरस्त्र
इम्फाल, 11 जून, (हि.स.)। हालिया घटनाक्रमों के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियों को खुफिया सूचना मिली थी कि कुछ सशस्त्र व्यक्ति पहाड़ी क्षेत्रों में स्थित अलग-थलग गांवों पर हमला करने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर सुरक्षा बलों ने होरेई काफुंग हिल्स (लोअर लीशान रिज) क्षेत्र में संयुक्त तलाशी एवं कॉम्बिंग अभियान चलाया।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय द्वारा आज दी गयी जानकारी के अनुसार अभियान के दौरान पहाड़ी की चोटी पर लगभग एक दर्जन सशस्त्र व्यक्ति दिखाई दिए। सुरक्षा बलों को देखते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि आठ व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके हथियार जब्त कर लिए गए। पूछताछ के बाद उन्हें कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। सुरक्षा बलों ने उन्हें भविष्य में हथियार लेकर पहाड़ी क्षेत्रों में न जाने और किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी।
अभियान के दौरान पहाड़ी की चोटी पर बने अवैध बंकरों से बड़ी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद तथा युद्ध जैसी सामग्री भी बरामद की गई।
सुरक्षा बलों ने कहा है कि प्रभावित क्षेत्रों और गांवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा शांति बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

