जल संसाधन विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, सात गिरफ्तार
गुवाहाटी, 28 जून (हि.स.)। असम पुलिस के अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने जल संसाधन विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
सीआईडी के अनुसार आरोपित फर्जी नियुक्ति पत्र, नकली सरकारी मुहर और जल संसाधन विभाग के नाम पर जाली भर्ती अधिसूचनाएं जारी कर बेरोजगार युवाओं को सरकारी नौकरी का झांसा देते थे। इसके बदले उनसे हजारों से लेकर लाखों रुपये तक की ठगी की गई।
असम पुलिस मुख्यालय की ओर से आज दी गयी जानकारी के अनुसार इस मामले में सीआईडी थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धाराओं 61(2), 318(4), 336(3) एवं 340(2) के तहत मामला संख्या 04/25 दर्ज किया गया था। लगातार चलाए गए अभियान के दौरान अब तक कुल सात आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। ताजा कार्रवाई में 27 जून को नलबाड़ी जिले से गुणमणि बैश्य को गिरफ्तार किया गया।
सीआईडी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
सीआईडी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी सरकारी भर्ती संबंधी सूचना की सत्यता केवल आधिकारिक माध्यमों से ही जांचें तथा सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि का भुगतान न करें।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

