home page

नौकरी को नियमित की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन

 | 

इटानगर, 13 अप्रैल (हि.स.)। अखिल अरुणाचल प्रदेश पंचायती राज संविदा, चालक एवं बहु-कार्यकारी कर्मचारी संघ के सदस्यों ने सोमवार को अपनी नौकरियों को नियमित करने या वेतन वृद्धि की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया।

इटानगर के टेनिस कोर्ट में आयोजित इस प्रदर्शन में राज्य के विभिन्न हिस्सों से संविदा चालकों और बहु-कार्यकारी कर्मचारियों (एमटीएस) ने भाग लिया। प्रदर्शनकारियों ने नियमित कर्मचारियों की तुलना में नौकरी की असुरक्षा और वेतन असमानता पर चिंता व्यक्त की।

संगठन की मांगों के चार्टर में उल्लेखित मांगों के अनुसार, प्रदर्शनकारी पंचायती राज विभाग में नियमित पदों के सृजन की मांग कर रहे हैं, जिनमें 27 चालक पद और 240 एमटीएस पद शामिल हैं। एक सदस्य ने कहा कि यदि सरकार को उन्हें नियमित करने में समस्या है, तो कम से कम उनके वेतन में वृद्धि तो करे ताकि वे अपने परिवार का भरण-पोषण कर सकें।

बैनर और पोस्टार लिए प्रदर्शनकारियों ने धरने को शांतिपूर्ण बताया और सरकार से जल्द से जल्द उनकी शिकायतों का समाधान करने का आग्रह किया। संगठन का कहना है कि समान कर्तव्यों का पालन करने के बावजूद, संविदा कर्मचारियों को कम वेतन और कम लाभ मिलते हैं। एक सदस्य ने दावा किया कि पंचायती राज विभाग में लगभग 17 वर्षों की निरंतर सेवा के बाद हमें नियमितीकरण की मांग करने का अधिकार है।

संगठन के सदस्यों ने कहा अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है और यदि सरकार ऐसा करने में विफल रहती है, तो हम निकट भविष्य में समान काम के लिए समान वेतन की मांग को लेकर शांतिपूर्ण भूख हड़ताल करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी