जिरीबाम-इंफाल नई रेल लाइन परियोजना के खोंगसांग-अवांगखुल खंड का सीआरएस निरीक्षण
- रेल संरक्षा आयुक्त दो दिन तक करेंगे 8.93 किलोमीटर लंबे ब्रॉडगेज सेक्शन की जांच- निरीक्षण के बाद होगा स्पीड ट्रायल, मंजूरी मिलने पर अवांगखुल तक बढ़ेगी रेल सेवा
गुवाहाटी, 28 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमांत परिमंडल के रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने शनिवार को मणिपुर में नवनिर्मित 8.93 किलोमीटर लंबे खोंगसांग-अवांगखुल ब्रॉडगेज रेलखंड का दो दिवसीय वैधानिक संरक्षा निरीक्षण शुरू किया। यह रेलखंड पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के लामडिंग मंडल के अधीन है और जिरिबाम-इंफाल नई ब्रॉडगेज रेललाइन परियोजना का हिस्सा है। निरीक्षण का उद्देश्य इस रेलखंड पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन शुरू करने से पहले संरक्षा संबंधी तैयारियों का आकलन करना है।
पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार को बताया कि निरीक्षण के पहले दिन सीआरएस ने स्पेशल ट्रेन से खोंगसांग रेलवे स्टेशन से टनल संख्या 24 तक के हिस्से का जायजा लिया। इस दौरान नई रेल पटरी और रेलखंड से जुड़ी अन्य अवसंरचनाओं का निरीक्षण किया गया। इसके साथ ही निरीक्षण के पहले दिन का कार्यक्रम पूरा हुआ।
उन्होंने बताया कि दूसरे दिन सीआरएस टनल संख्या 24 से अवांगखुल रेलवे स्टेशन तक के शेष हिस्से का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान नई रेल पटरी पर स्पीड ट्रायल भी किया जाएगा। संरक्षा मूल्यांकन के तहत ट्रायल के दौरान इंस्ट्रूमेंटेड ऑब्जर्वेशन कार के जरिये ट्रेन परिचालन के व्यवहार से जुड़े आंकड़े रिकॉर्ड किए जाएंगे।
सीपीआरओ के अनुसार, 110.625 किलोमीटर लंबी जिरिबाम-इंफाल नई रेललाइन परियोजना को कई चरणों में विकसित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मणिपुर की राजधानी इंफाल को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ना है। परियोजना के पहले दो चरणों में रेललाइन को जिरिबाम से खोंगसांग तक पहुंचाया गया है। अब खोंगसांग-अवांगखुल रेलखंड को वैधानिक मंजूरी मिलने के बाद रेल सेवा अवांगखुल तक विस्तारित की जा सकेगी।
यह रेलमार्ग पहाड़ी क्षेत्र से होकर गुजरता है। पूरी परियोजना में 11 स्टेशन, कुल 66.47 किलोमीटर लंबाई की 54 सुरंगें, 15 बड़े पुल और 116 छोटे पुल शामिल हैं। इसकी प्रमुख संरचनाओं में नोनी स्थित ब्रिज संख्या 164 भी है, जिसके एक खंभे की ऊंचाई 141 मीटर है।
सीआरएस से मंजूरी मिलने के बाद अवांगखुल जिरिबाम-इंफाल नई रेललाइन का सातवां स्टेशन होगा, जहां तक रेल यातायात का विस्तार किया जाएगा। इससे वर्तमान में खोंगसांग तक संचालित रेल सेवा आगे बढ़ेगी और मणिपुर की राजधानी इंफाल को सीधी रेल कनेक्टिविटी देने की दिशा में परियोजना एक कदम और आगे बढ़ेगी।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

