असम में मिसिंग और सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद चुनाव का प्रचार समाप्त, 30 नवंबर को मतदान
-दोनों परिषदों में 291 उम्मीदवार मैदान में, 7.46 लाख मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
गुवाहाटी, 28 नवंबर (हि.स.)। असम में मिसिंग स्वायत्त परिषद (एमएसी) और सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद (एसकेएसी) के आम चुनावों के लिए प्रचार शनिवार शाम चार बजे समाप्त हो गया। दोनों परिषदों के लिए मतदान 30 नवंबर को होगा। राज्य चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना तीन नवंबर को जारी की थी।
मिसिंग स्वायत्त परिषद चुनाव में कुल 172 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस परिषद के चुनाव में 5,94,052 मतदाता 989 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद चुनाव में 119 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। यहां 1,52,250 मतदाता 310 मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे।
दोनों परिषदों के चुनाव में कुल 291 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 7,46,302 मतदाता करेंगे। मतदान के लिए कुल 1,299 केंद्र बनाए गए हैं।
असम राज्य चुनाव आयोग ने दोनों परिषदों के चुनाव सुचारू, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान केंद्रों पर कुल 5,196 पीठासीन और मतदान अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा, चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए 45 चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

