शिल्पग्राम में जनजातीय गौरव दिवस आयोजित, मंत्री पेगू ने बिरसा मुंडा को दी श्रद्धांजलि
गुवाहाटी 15 (हि.स.)। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय समाज के स्वाभिमान के प्रतीक धरती बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रविवार को गुवाहाटी के पंजाबाड़ी स्थित शिल्पग्राम में जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया। इस अवसर पर असम सरकार के शिक्षा एवं जनजातीय मामलों (मैदानी क्षेत्र) के मंत्री डॉ. रनोज पेगू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का आयोजन असम जनजाति एवं अनुसूचित जाति अनुसंधान संस्थान की पहल पर तथा असम सरकार के जनजातीय मामलों (मैदानी क्षेत्र) विभाग के सौजन्य से किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में मंत्री डॉ. पेगू ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भी वर्चुअल माध्यम से अवलोकन किया।
जनजातीय समाज तथा असम के सामाजिक जीवन में उल्लेखनीय योगदान के लिए पांच विशिष्ट व्यक्तित्वों को वर्ष 2026 के जनजातीय गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में किरत ब्रह्म, पवित्र राभा, हेनपौ गामलौ, मंगल सिंह क्रो और डॉ. गोमताओ बसुमतारी शामिल हैं।
इस अवसर पर जीएनएम पाठ्यक्रम में अध्ययनरत चयनित पांच जनजातीय छात्राओं को नर्सिंग ड्रेस किट वितरित की गई। इसके अलावा जनजातीय होमस्टे के उन्नयन के लिए चयनित लाभार्थियों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में बोडो, मिसिंग, राभा, तिवा, हाजोंग और कार्बी सहित विभिन्न जनजातीय समुदायों के कलाकारों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से असम के जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता की झलक देखने को मिली।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. पेगू ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और बलिदान जनजातीय समाज के अधिकारों, पहचान और सम्मान की रक्षा के लिए पीढ़ियों से प्रेरणा का स्रोत रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समुदायों की शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और समग्र विकास सुनिश्चित करने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा उठाए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी कदमों से विकास की नई संभावनाएं पैदा हुई हैं।
उन्होंने जनजातीय स्वायत्तशासी परिषदों के सक्रिय सहयोग से विकास की प्रक्रिया को और तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही जनजातीय समाज की भाषाओं, संस्कृति, परंपराओं और विशिष्ट पहचान के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में जनजातीय समाज की सक्रिय भागीदारी और सर्वांगीण विकास अत्यंत आवश्यक है।
अंत में डॉ. पेगू ने समस्त असमवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के महान आदर्शों और उनके अमूल्य योगदान को श्रद्धापूर्वक याद किया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

