जन आशीर्वाद यात्रा को मिल रहा भारी जनसमर्थन, मुख्यमंत्री सरमा कल जाएंगे गोलाघाट
गुवाहाटी, 06 मार्च (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जन आशीर्वाद यात्रा को राज्यभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह काफी बढ़ा है। इसी क्रम में असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा सात मार्च को गोलाघाट जिले के दौरे पर जाएंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सरमा गोलाघाट जिले के सरूपाथार, गोलाघाट, खुमटाई और देरगांव विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित जन आशीर्वाद यात्रा में भाग लेंगे। इस दौरान उनके साथ भाजपा असम प्रदेश अध्यक्ष और सांसद दिलीप सैकिया भी उपस्थित रहेंगे। 28 फरवरी से शुरू हुई इस यात्रा के माध्यम से पार्टी जनता से आशीर्वाद और समर्थन प्राप्त करने का प्रयास कर रही है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सुरंजन दत्ता ने एक बयान में कहा कि यह यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि राज्य में हुए विकास कार्यों के प्रति जनता के विश्वास और समर्थन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरमा के नेतृत्व में आधारभूत संरचना, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में किए गए कार्यों को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सरमा सात मार्च को सरूपथार से यात्रा की शुरुआत करेंगे और गोलाघाट तथा खुमटाई होते हुए देरगांव में कार्यक्रम का समापन करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के शामिल होने की संभावना है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

