असमः जालुकबाड़ी क्षेत्र में मुख्यमंत्री की “जन आशीर्वाद यात्रा”, भारी समर्थन से गूंजा इलाका
गुवाहाटी, 23 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार की शाम अपने चुनाव क्षेत्र जालुकबाड़ी इलाके में “जन आशीर्वाद यात्रा” की शुरुआत कर जोरदार चुनावी प्रचार अभियान शुरू किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी और पुत्र के साथ हजारों समर्थकों की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र 20 मार्च को दाखिल किया था।
इस यात्रा के दौरान जालुकबाड़ी के विभिन्न क्षेत्रों की महिला बूथ कार्यकर्ताओं ने लाल किनारी वाली साड़ी और पीली साड़ी पहनकर शंखध्वनि और पुष्पवर्षा के माध्यम से मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। पूरा माहौल उत्सवमय हो गया और जनसमूह के कारण यात्रा एक विशाल जनसैलाब में बदल गई।
“जन आशीर्वाद यात्रा” पांडु के बोरिपारा खेल मैदान से शुरू होकर आदाबाड़ी तीनाली होते हुए पांडु पोर्ट रोड से आगे बढ़ी। इसके बाद यह इंस्टीट्यूट कॉलोनी, पांडु केबिन, कॉलेज गेट होते हुए जालुकबाड़ी थाना पार कर गोटानगर क्षेत्र में समाप्त हुई।
इस विशाल यात्रा में गुवाहाटी के प्रत्येक क्षेत्र के काउंसिलर, जालुकबाड़ी भाजपा मंडल समिति, बूथ समिति तथा हजारों भाजपा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। पूरे मार्ग में “जन आशीर्वाद” के नारों से इलाका गूंज उठा और मुख्यमंत्री के प्रति जनता का समर्थन स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
उल्लेखनीय है कि आगामी चुनाव को देखते हुए इस यात्रा को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक कदम के रूप में देखा जा रहा है। भारी जनसमर्थन और भागीदारी ने जालुकबाड़ी क्षेत्र में राजनीतिक उत्साह को और बढ़ा दिया है तथा भाजपा के आत्मविश्वास को मजबूत किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर

