जालुकबाड़ी विस क्षेत्र में मुख्यमंत्री सरमा ने कई विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन
गुवाहाटी, 14 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को जालुकबाड़ी विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री उन्नत पक्की पथ निर्माण योजना 2024-25 के तहत आजारा में बामुनराजन रोड को फॉरेस्ट स्कूल रोड से जोड़ने वाले नवनिर्मित आरसीसी पुल तथा कलमानी नाले पर निर्मित 19 सिंगल-सेल आरसीसी बॉक्स कलवर्ट का लोकार्पण किया गया।
बामुनराजन रोड और फॉरेस्ट स्कूल रोड को जोड़ने वाला 32.40 मीटर लंबा आरसीसी पुल 2.56 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस स्थान पर पुराना लकड़ी का पुल जर्जर हो चुका था, जिसके कारण बरिपारा क्षेत्र के लोगों को आवागमन के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था।
नए पुल के निर्माण से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों और अन्य यात्रियों को सीधी एवं सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी तथा यात्रा का समय कम होगा। इससे गाड़ीगांव, बरिपारा, भकुंडा, ज्योतिपारा और नोआपारा सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा। पुल से फॉरेस्ट स्कूल रोड से धारापुर क्षेत्र तक भी सीधी कनेक्टिविटी बेहतर होगी। मुख्यमंत्री ने बामुनराजन में कटाव की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।
इसी क्रम में आजारा में कलमानी नाले पर 3.41 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 19 सिंगल-सेल आरसीसी बॉक्स कलवर्ट का भी उद्घाटन किया गया। कलितापारा से हाटखोवापारा तक निर्मित ये कलवर्ट आजारा की आंतरिक सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग-37 से सीधे जोड़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परियोजना से पहले स्थानीय लोगों को कलमानी नाले को पार करने के लिए पुराने और जर्जर लकड़ी के पुलों का इस्तेमाल करना पड़ता था। लोगों की सुविधा और परिवहन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण सड़क विभाग ने इन असुरक्षित पुलों को स्थायी आरसीसी कलवर्ट से बदलने की पहल की।
नए कलवर्ट से एंबुलेंस एवं आपात चिकित्सा सेवाओं, अग्निशमन एवं आपातकालीन दलों, स्कूली विद्यार्थियों, दैनिक यात्रियों और स्थानीय निवासियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आने वाले दिनों में और भी कदम उठाए जाएंगे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने आजारा के केओटपारा स्थित श्री श्री मां मनसा मंदिर और गोसाईपारा स्थित श्री श्री बंशी गोपाल मंदिर का दौरा कर पूजा-अर्चना की। उन्होंने असम के सभी वर्गों के लोगों की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री श्री मां मनसा मंदिर में शेष बुनियादी ढांचा विकास कार्यों को पूरा करने के लिए राज्य सरकार हरसंभव कदम उठाएगी। उन्होंने आसपास के क्षेत्र के विकास को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई मांगों पर भी आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

