चंद्रपुर में इसरो के उन्नत रडार अनुसंधान केंद्र की आज आधारशिला रखेंगे मुख्यमंत्री डॉ. सरमा
गुवाहाटी, 21 सितंबर (हि.स.)। असम के चंद्रपुर में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के एडवांस्ड रडार रिसर्च सेंटर की आधारशिला सोमवार को रखी जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोमवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्र इसरो के नेटवर्क फॉर स्पेस ऑब्जेक्ट ट्रैकिंग एंड एनालिसिस (नेत्र) कार्यक्रम का हिस्सा होगा। इसका उद्देश्य अंतरिक्ष में मौजूद वस्तुओं की निगरानी और ट्रैकिंग की क्षमता को मजबूत करना तथा भारत की महत्वपूर्ण अंतरिक्ष परिसंपत्तियों की सुरक्षा को बढ़ाना है।
डॉ. सरमा ने कहा, “आज हम असम के चंद्रपुर में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के एडवांस्ड रडार रिसर्च सेंटर की आधारशिला रखेंगे।”
इसरो ने इस परियोजना के लिए चंद्रपुर में 67 एकड़ भूमि चिन्हित की है। संगठन की 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, भूमि हस्तांतरण नवंबर 2023 में पूरा हुआ था, जबकि अंतिम पंजीकरण 7 नवंबर, 2025 को किया गया।
प्रोजेक्ट नेत्र के तहत अंतरिक्ष में बढ़ती गतिविधियों और वस्तुओं की निगरानी के लिए रडार, ऑप्टिकल टेलीस्कोप सुविधा और केंद्रीय नियंत्रण केंद्र जैसे प्रमुख ढांचे विकसित किए जा रहे हैं। यह प्रणाली अंतरिक्ष वस्तुओं की ट्रैकिंग, उनकी कक्षा का निर्धारण, टक्कर से बचाव संबंधी चेतावनी तथा उपग्रहों और रॉकेट के हिस्सों के पुनःप्रवेश की निगरानी में मदद करेगी।
अंतरिक्ष स्थिति जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों के लिए इसरो का स्पेस सिचुएशनल अवेयरनेस कंट्रोल सेंटर वर्ष 2020 में बेंगलुरु में स्थापित किया गया था।
मुख्यमंत्री डॉ. सरमा ने कहा कि असम में इस अत्याधुनिक राष्ट्रीय बुनियादी ढांचे की स्थापना राज्य की बढ़ती भूमिका को दर्शाती है। उन्होंने इस रणनीतिक परियोजना के लिए असम का चयन करने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

