अरुणाचल में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस
इटानगर मई 01 (हि.स.)। मोपिन सोलुंग ग्राउंड इटानगर और निर्जुली में आज अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस मनाया गया, जिसमें राजधानी परिसर इटानगर सहित विभिन्न जिलों के श्रमिकों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का आयोजन अरुणाचल प्रदेश ट्रेड एंड यूनियन फेडरेशन द्वारा किया गया।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री बियुराम वाहगे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने मोपिन सोलुंग ग्राउंड में सभा को संबोधित करते हुए श्रमिकों के कल्याण के लिए निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया।
फेडेरेशन के अध्यक्ष चांगमा ताज़ो ने श्रमिकों द्वारा सामना की जा रही प्रमुख चिंताओं को उठाया और उनकी शिकायतों के समाधान के लिए यूनियन की भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस कार्यक्रम में राज्य भर के श्रमिकों के लिए बेहतर अधिकारों और कार्य स्थितियों की सामूहिक मांग उठाई गई।
इस बीच, अखिल अरुणाचल प्रदेश श्रम संघ ने भी निकुम निया हॉल निर्जुली में अंतरराष्ट्रीय श्रम दिवस को बड़े उत्साह के साथ मनाया। कार्यक्रम में एपीबी और ओसीडब्ल्यूडब्ल्यूबी के अध्यक्ष रोलेन डागम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
इस समारोह में श्रमिकों के अधिकारों, श्रम की गरिमा और श्रमिक समुदाय के कल्याण और सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर प्रयासों के महत्व पर जोर दिया गया।
सभा को संबोधित करते हुए रोलेन डागम ने श्रमिक संघों के बीच एकता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समन्वय की कमी से उनकी सामूहिक शक्ति कमजोर होती है और सभी संघों से श्रमिक समुदाय की बेहतरी के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि श्रम बोर्ड श्रमिकों को कई लाभ प्रदान करता है, जिनमें बरसात के मौसम में रेनकोट और छाते जैसी आवश्यक सहायता शामिल है।
उन्होंने श्रमिक संघों से श्रमिक पंजीकरण को सक्रिय रूप से बढ़ावा देने की अपील की ताकि अधिक से अधिक श्रमिक इन लाभों का फायदा उठा सकें।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

